सेना ने संभाली कमान, बर्फ हटाकर तैयार कर रही हेमकुण्ड साहिब यात्रा मार्ग
23 मई को खुलेंगे कपाट, दुर्गम हालात में भी युद्धस्तर पर जुटे जवान—यात्रियों को मिलेगी सुरक्षित और सुगम राह

चमोली, 27 अप्रैल। विश्व प्रसिद्ध श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा को इस वर्ष और अधिक सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। यात्रा मार्ग से भारी बर्फ हटाने का कार्य सेना के जवानों द्वारा युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
ऊंचाई वाले दुर्गम पहाड़ी इलाकों और लगातार बदलते मौसम के बीच जवानों का यह अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद वे लगातार मार्ग को साफ करने में जुटे हैं। सेना के इस प्रयास से जल्द ही पूरा रास्ता श्रद्धालुओं के लिए सुचारु रूप से खोल दिया जाएगा।
इधर, जिला प्रशासन भी यात्रा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। संबंधित विभागों द्वारा पेयजल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गौरतलब है कि आगामी 23 मई 2026 को हेमकुण्ड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। इसके मद्देनजर सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।



