हवन-यज्ञ व विशाल भंडारे के साथ संपन्न हुई शिव महापुराण कथा, त्रंबकेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
कथा व्यास मनजीत कृष्ण शास्त्री ममगांई बोले— भगवान भोलेनाथ सच्ची श्रद्धा और नाम स्मरण से ही होते हैं प्रसन्न

थत्यूड़। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ बाजार स्थित प्राचीन त्रंबकेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित शिव महापुराण कथा का समापन शुक्रवार को हवन-यज्ञ, पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के माहौल में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।
कथा व्यास पंडित मनजीत कृष्ण शास्त्री ममगांई ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिव महापुराण में भगवान शिव की महिमा का विस्तृत वर्णन किया गया है। भगवान भोलेनाथ देवों के देव महादेव हैं, जो केवल सच्ची श्रद्धा, पुष्प और अक्षत अर्पित करने मात्र से ही प्रसन्न हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सुबह-शाम भगवान के नाम का स्मरण और जप अवश्य करना चाहिए, क्योंकि यही मानव कल्याण का सबसे सरल मार्ग है।
इससे पूर्व आयोजक समिति एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों द्वारा मंदिर प्रांगण में विधिवत हवन-यज्ञ और पूर्णाहुति कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में राजेंद्र सजवाण, महावीर सजवाण, रघुवीर सजवाण, व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार, विक्रम चौहान, राकेश सजवाण, रमेश चमोली, ग्राम प्रधान मेनका सजवाण, सरस्वती रावत, सरिता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



