थत्यूड

जौनपुर में गूंजा ‘लखपति दीदी सम्मेलन’, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प, सरकारी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान

धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार बोले— स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही सरकार, स्थानीय उत्पादों को मिल रहा नया बाजार

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। धनोल्टी विधानसभा के जौनपुर मंडल स्थित ब्लॉक सभागार में रविवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त मंच बनकर उभरा। सम्मेलन में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ और उपस्थित मातृशक्ति का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि एवं धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रभावी योजनाएं संचालित कर रही हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि वे आत्मसम्मान के साथ परिवार और समाज की प्रगति में भागीदार बन सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित हो रहे ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने का सशक्त माध्यम हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को नई पहचान मिली है। आज दूरस्थ गांवों की महिलाएं कोदा, झंगोरा, अचार, पारंपरिक मिठाइयों सहित स्थानीय उत्पाद तैयार कर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। सरकार इन उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

दर्जाधारी राज्य मंत्री गीता रावत ने कहा कि मुद्रा लोन, डेयरी, सहकारिता और अन्य स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनने का अवसर मिल रहा है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ समाज में अपनी अलग पहचान भी स्थापित कर रही हैं।

गढ़वाल संयोजक एवं महिला मोर्चा प्रभारी कविता शाह तथा जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष इंदु डंगवाल ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन की नई दिशा दे रही है। पहले महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को उचित बाजार नहीं मिल पाता था, लेकिन अब सी-मार्ट जैसे मंचों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को पहचान और बेहतर मूल्य मिल रहा है। इससे महिलाओं की आय बढ़ने के साथ बच्चों की शिक्षा और परिवार के बेहतर भविष्य को भी मजबूती मिल रही है।

सम्मेलन में वक्ताओं ने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने तथा अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सह प्रभारी विनीता रावत, जिला महामंत्री जयेंद्र सेमवाल, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा, जौनपुर मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, संयोजक कविता रौछैला, सहसंयोजक जमुना नौटियाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरस्वती रावत, राजेंद्र कोहली, जयपाल कैरवाण, अकवीर पंवार, दीपेंद्र रावत, विनोद राणा, रविंद्र रावत, प्रदीप भंडारी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!