उत्तराखंड ताज़ा

एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा प्रहार, हरिद्वार बाईपास और डोईवाला में तीन व्यावसायिक भवन सील

बिना स्वीकृत मानचित्र के बन रहे निर्माणों पर चली कार्रवाई, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले— नियोजित विकास से कोई समझौता नहीं, अभियान रहेगा लगातार जारी

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार बाईपास और डोईवाला क्षेत्र में बिना अनुमति बनाए जा रहे तीन व्यावसायिक भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि शहर के सुनियोजित विकास में बाधा बनने वाले अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने हरिद्वार बाईपास स्थित मुस्कान होटल वाली गली में नईम अहमद और आशिफ द्वारा किए जा रहे दो अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील किया। इसके अलावा डोईवाला के कान्हरवाला-भानियावाला तिराहे पर नेत्रपाल सैनी द्वारा बनाए जा रहे व्यावसायिक निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहा।

नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

एमडीडीए ने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण मास्टर प्लान, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं। ऐसे मामलों में सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित सभी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का स्पष्ट संदेश

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे देहरादून का विकास केवल नियोजित और नियमबद्ध तरीके से ही संभव है। बिना अनुमति किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रवर्तन टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई जारी रहेगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया की अपील

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी भवन निर्माण से पहले प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!