थत्यूड

खेत बचाओ अभियान से किसानों को मिला नया संबल, मंत्री गणेश जोशी ने जौनपुर में किया 2 किमी मोटर मार्ग निर्माण का ऐलान

बाण्डासारी में प्रगतिशील किसानों का सम्मान, प्राकृतिक खेती और क्लस्टर आधारित कृषि को बताया भविष्य की जरूरत

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जौनपुर क्षेत्र के बाण्डासारी गांव में आयोजित राष्ट्रव्यापी “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश के कृषि एवं जनपद टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने किसानों को कृषि भूमि संरक्षण और आधुनिक खेती अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा भी की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री ने कहा कि खेती और किसानों को सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कृषि भूमि का संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य में सुधार और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। खेत बचाओ अभियान कृषि योग्य भूमि को सुरक्षित रखने और किसानों को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया तथा अति सघन बागवानी योजना के तहत विकसित सेब के बगीचों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में फलोत्पादन किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। जौनपुर क्षेत्र में क्लस्टर आधारित खेती की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

पंतवाड़ी क्षेत्र में किसानों से संवाद के दौरान खेतों तक पहुंच के लिए मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठी, जिस पर मंत्री ने तत्काल लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को नया बल मिलेगा।

कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर धनौल्टी विधायक प्रीतम पंवार, प्रमुख सीता पंवार, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में किसान और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!