उत्तराखंड ताज़ा

सड़क निर्माण में देरी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, PWD कार्यालय का घेराव

दुडगा-बंगशील मोटर मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण की मांग तेज, ग्रामीणों ने दी 2027 चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ में दुडगा-बंगशील मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार को अपर पालीगाड़ क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों का घेराव किया और जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की मांग उठाई।

ग्रामीणों का आरोप है कि मोटर मार्ग को स्वीकृति मिले करीब डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीत चुका है। सड़क निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कार्य शुरू नहीं हो पाया है। दुडगा पुल से बंगशील तक का मार्ग वर्तमान में पूरी तरह जर्जर, गड्ढों से भरा और खस्ताहाल बना हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति से लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। ग्राम प्रधान शांति प्रसाद गौड़ ने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का पूर्ण बहिष्कार करने को बाध्य होगी।

घेराव के दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और निर्माण कार्य में हो रही देरी के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की।

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ के अधिशासी अभियंता राजेंद्र टम्टा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अगले 15 दिनों के भीतर सड़क के सुधारीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डामरीकरण का कार्य बरसात के बाद मौसम अनुकूल होते ही कराया जाएगा।

घेराव मे खेमराज पुजारी, अरुण गौड़, विजय सिंह गुसाईं, गुरु प्रसाद, ग्राम प्रधान गजेंद्र दत्त रतूड़ी, वीरेंद्र दत्त खंडूरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य केसर, जगमोहन रावत, शैलेंद्र लेखवार, मुरारी लाल, कमलनयन सेमवाल, आलोक कुमार, जगमोहन सिंह रावत, धनवीर सिंह नेगी, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!