उत्तराखंड ताज़ा

एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा प्रहार, कुल्हान-चन्द्रवनी में चार भवन सील

बिना स्वीकृत मानचित्र बन रहे फ्लैट और डुप्लैक्स भवनों पर कार्रवाई, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले- नियमों से समझौता नहीं

देहरादून। राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्हान और चन्द्रवनी क्षेत्र में चार भवनों को सील कर दिया। इनमें फ्लैट और डुप्लैक्स भवन शामिल हैं, जिनका निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के कराया जा रहा था। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।

 

एमडीडीए को संबंधित निर्माणों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां निर्माण कार्य नियमों के विपरीत पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत सीलिंग की कार्रवाई की गई।

 

नागल हटनाल, कुल्हान क्षेत्र में चिराग तलवार द्वारा दो बहुमंजिला भवनों को जोड़कर फ्लैट विकसित किए जा रहे थे। निरीक्षण में निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला, जिसके बाद एमडीडीए टीम ने दोनों भवनों में बनाए जा रहे फ्लैटों को सील कर दिया।

 

इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने चन्द्रवनी रोड स्थित द्वारिका पुरी क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां सुभाष चौधरी द्वारा दो डुप्लैक्स भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। जांच में अनियमितताएं मिलने पर दोनों भवनों को सील कर निर्माण गतिविधियों पर तत्काल रोक लगा दी गई।

 

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमतियों के किसी भी प्रकार का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजधानी में सुनियोजित और सुरक्षित विकास सुनिश्चित करना एमडीडीए की प्राथमिकता है।

 

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि अवैध निर्माणों की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, वहां तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी वैधानिक स्वीकृतियां प्राप्त करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!