थत्यूड

दुड़गा-मुंगलोड़ी मोटर मार्ग की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन

सड़क पर गड्ढे, टूटी सुरक्षा दीवारें और नालियों के अभाव से बढ़ी परेशानी, जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जौनपुर विकासखंड के अंतर्गत दुड़गा से मुंगलोड़ी मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति अब स्थानीय ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारें और नालियों के अभाव से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

 

सड़क की खस्ताहाल स्थिति को लेकर भाजपा जौनपुर मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल ने लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है, लेकिन विभागीय स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्य शुरू नहीं किया गया।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में सड़क पर पैचवर्क और मरम्मत कार्य के लिए निविदा स्वीकृत होने के बावजूद धरातल पर काम शुरू नहीं हो पाया, जिससे स्थानीय लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ज्ञापन में सड़क के शीघ्र डामरीकरण, नाली निर्माण और क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के पुनर्निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई गई है।

 

सुनील थपलियाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

 

वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार टम्टा ने बताया कि वर्ष 2023 में यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित हुई थी। इसके बाद सड़क के वन टाइम मेंटेनेंस के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन उसे स्वीकृति नहीं मिल सकी। अब सड़क के रिन्यूवल के लिए दोबारा प्रस्ताव भेजा गया है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!