बिलोंदी पुल बाजार में घुसा मलबा; कई दुकानें क्षतिग्रस्त, हाईवे घंटों बंद
नौघर गांव के नीचे भारी बारिश के बाद अचानक आया सैलाब, नगुण-भवान-देहरादून हाईवे SH-30 बाधित; मंत्री और विधायक भी जाम में फंसे

थत्यूड़। (टिहरी)। विकासखंड जौनपुर की तहसील धनौल्टी क्षेत्र के नौघर गांव के नीचे शुक्रवार तड़के भारी बारिश के बाद अचानक आए मलबे ने बिलोंदी पुल बाजार में भारी तबाही मचा दी। तेज बहाव के साथ आए मलबे ने बाजार क्षेत्र की कई दुकानों और भवनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राकृतिक आपदा के चलते नगुण-भवान-देहरादून स्टेट हाईवे (SH-30) पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की स्थिति इतनी गंभीर रही कि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पवार भी घंटों मार्ग में फंसे रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार शाम करीब तीन से चार बजे के बीच पहाड़ी क्षेत्र से अचानक भारी मात्रा में मलबा और पानी बाजार की ओर आ गया। तेज बहाव की चपेट में आने से कुलबीर सिंह नकचवाल की दुकान और भवन को गंभीर नुकसान पहुंचा। वहीं बाजार की 8 से 10 दुकानों में मलबा घुसने से व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान बर्बाद हो गया।
इस आपदा में कुलबीर नकचवाल, राकेश नकचवाल, ज्ञान सिंह नकचवाल, यशपाल नकचवाल, विजेंद्र नकचवाल और गंभीर नकचवाल की दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद प्रभावित व्यापारियों में मायूसी और दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही राजस्व उपनिरीक्षक अब्बुज चौधरी प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नौघर गांव के नीचे से अचानक मलबा आने की सूचना प्राप्त होते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। प्रशासन ने जेसीबी मशीनों की मदद से हाईवे पर जमा मलबा हटाने का कार्य लगातार चलाया, जिसके बाद मार्ग को यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया है।
भारी मात्रा में मलबा आने के कारण अगलाड़ नदी का जलस्तर भी अचानक बढ़ गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई। थत्यूड़ थाना पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।



