धनौल्टी बाजार में चला स्वच्छता अभियान, वन्यजीव संरक्षण का दिया संदेश
वन्य प्राणी सप्ताह के तहत वन विभाग, ईको पार्क समिति और व्यापारियों ने मिलकर की सफाई; प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए लोगों को किया जागरूक

धनौल्टी। वन्य प्राणी सप्ताह के तहत वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण स्वच्छता और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को जौनपुर रेंज की धनौल्टी बीट स्थित ईको पार्क समिति की ओर से धनौल्टी बाजार क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, ईको पार्क समिति के सदस्यों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान धनौल्टी बाजार और आसपास के सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया। साथ ही लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण वन्यजीव और जैव विविधता संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है। पर्यटन स्थलों और बाजारों में खुले में फेंका गया प्लास्टिक, खाद्य अवशेष और अन्य कचरा वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार को प्रभावित कर सकता है। इससे वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों में आने की संभावना बढ़ती है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
ईको पार्क समिति के सदस्यों ने स्थानीय व्यापारियों और पर्यटकों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, प्लास्टिक खुले में न फेंकने और प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। लोगों को वन्यजीवों को भोजन न देने, वन क्षेत्रों में अनावश्यक शोर से बचने और वन्यजीव दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
वन्यजीव संरक्षण की ली सामूहिक शपथ
अभियान के दौरान वन विभाग के कर्मचारियों, ईको पार्क समिति के सदस्यों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने वन्यजीव एवं वनस्पतियों की सुरक्षा, संरक्षण और संवर्धन की सामूहिक शपथ ली। सभी ने प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने, पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने और वन्यजीवों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।
ईको पार्क समिति के सचिव मनोज उनियाल ने कहा कि वन्य प्राणी सप्ताह केवल एक सप्ताह तक चलने वाला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि वन्यजीव और प्रकृति संरक्षण के प्रति समाज में निरंतर जागरूकता पैदा करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
वन क्षेत्राधिकारी जौनपुर लतिका उनियाल ने भविष्य में भी धनौल्टी और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव जागरूकता और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम को लेकर लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
अभियान में प्रमोद प्रसाद बंगवाल, सुशील प्रसाद, नीलकंठ पोखरियाल, जयवीर रांगड़, राहुल मखलोगा, सुरेश कुमार, ईको पार्क की ओर से धीरज उनियाल, सुरेश बेलवाल, अनिल, गोविन्द, विजय सिंह, अमित कैंतुरा सहित वन विभाग के कर्मचारी, समिति सदस्य, व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



