टिहरी पुलिस

वन्यजीव संरक्षण का संदेश, छात्र-छात्राओं ने निबंधों में रखे विचार

जौनपुर रेंज के रोतू की बेली और मथलाऊ इंटर कॉलेज में हुई प्रतियोगिता, मानव-वन्यजीव संघर्ष और सह-अस्तित्व पर विद्यार्थियों ने लिखे निबंध

थत्यूड़। वन्यजीव सप्ताह के तहत जौनपुर रेंज की ओर से शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज रोतू की बेली और राजकीय इंटर कॉलेज मथलाऊ में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

जौनपुर रेंज की मगरा बीट के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज रोतू की बेली तथा बैट बीट के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज मथलाऊ में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘मानव-वन्यजीव संघर्ष एवं सह-अस्तित्व’ रखा गया था।

विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के माध्यम से मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष के कारणों, उसके समाधान तथा वन्यजीवों के साथ संतुलित जीवन की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के साथ ही प्राकृतिक पर्यावरण को सुरक्षित रखने में आमजन की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

राजकीय इंटर कॉलेज रोतू की बेली के प्रधानाचार्य संजय कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और आसपास के लोगों को भी संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

जौनपुर रेंज की वन क्षेत्राधिकारी लतिका उनियाल ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के तहत इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य युवा पीढ़ी में वन एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है। साथ ही विद्यार्थियों में प्रकृति और वन्यजीवों के साथ सह-अस्तित्व की भावना को बढ़ावा देना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम में जयवीर रांगड़, सुरेश कुमार, अमित कैंतुरा, राहुल मखलोगा, गोविंद पंवार, मनजीव और राजेश सहित विभागीय स्टाफ एवं विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!