उत्तराखंड के 9.87 लाख पेंशनरों के खातों में पहुंची 146.32 करोड़ की पेंशन, सीएम धामी ने किया DBT भुगतान
वृद्ध, विधवा, दिव्यांग समेत विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को मिली जुलाई की किश्त; बोले सीएम- पात्र व्यक्ति को सम्मान के साथ समय पर मिले उसका अधिकार

देहरादून। उत्तराखंड के लाखों पेंशन लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों को 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की जुलाई 2026 की पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया।
पेंशन की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। सरकार के इस कदम से वृद्धजन, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता सहित विभिन्न श्रेणियों के पात्र लाभार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया जा रहा है, जिससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि किसी बुजुर्ग माता-पिता, विधवा बहन या दिव्यांग भाई को अपनी पेंशन के लिए परेशान न होना पड़े। प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक, समय पर और बिना किसी परेशानी के उसका अधिकार दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
वृद्धावस्था पेंशन के 6.15 लाख से अधिक लाभार्थी
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किश्त के रूप में विभिन्न योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों को धनराशि का भुगतान किया गया है। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं, जिन्हें वर्तमान में SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।
विभिन्न योजनाओं के तहत वितरित पेंशन का विवरण इस प्रकार है—
- वृद्धावस्था पेंशन: 6,15,628 लाभार्थी, ₹1,500 प्रतिमाह की दर से 92.34 करोड़ रुपये
- विधवा पेंशन: 2,36,983 लाभार्थी, ₹1,500 प्रतिमाह की दर से 35.54 करोड़ रुपये
- दिव्यांग पेंशन: 89,128 लाभार्थी, ₹1,500 प्रतिमाह की दर से 13.36 करोड़ रुपये
- किसान पेंशन: 27,288 लाभार्थी, ₹1,200 प्रतिमाह की दर से 3.20 करोड़ रुपये
- परित्यक्ता पेंशन: 8,284 लाभार्थी, ₹1,200 प्रतिमाह की दर से 99.40 लाख रुपये
- भरण-पोषण अनुदान: 7,383 लाभार्थी, ₹700 की दर से 51.68 लाख रुपये
- तीलू रौतेली पेंशन: 2,196 लाभार्थी, ₹1,200 की दर से 26.35 लाख रुपये
- बौना पेंशन: 127 लाभार्थी, ₹1,200 की दर से 1.52 लाख रुपये
इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जीआर नौटियाल, गोवर्धन सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



