टिहरी के राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंधार में एमएससी नर्सिंग को हरी झंडी
सत्र 2026-27 से शुरू होंगी पीजी कक्षाएं

देहरादून, 16 जनवरी 2026
टिहरी जनपद के राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंधार में एमएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के संचालन को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाओं का विधिवत संचालन शुरू किया जाएगा। इसके तहत कुल 10 सीटों पर छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा।
एमएससी पाठ्यक्रम की मान्यता मिलने से जनपद के बीएससी नर्सिंग प्रशिक्षुओं को अब उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें टिहरी में ही पीजी स्तर की पढ़ाई का अवसर मिल सकेगा।
सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में उच्च स्तरीय और गुणवत्तापरक चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में नए मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना के साथ-साथ स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के संचालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश को कुशल, विशेषज्ञ और अनुभवी चिकित्सा कर्मी उपलब्ध हो सकें।
मंत्री ने बताया कि एमएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के अंतर्गत कुल 10 सीटें स्वीकृत की गई हैं। इनमें कम्युनिटी हेल्थ नर्सिंग, ऑब्स्टेट्रिकल एंड गायनोकोलॉजी नर्सिंग, मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग, चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग और मेंटल हेल्थ नर्सिंग—इन पांच विषयों में 2-2 सीटें शामिल हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन सभी विषयों में एमएससी नर्सिंग का विधिवत संचालन किया जाएगा।
डॉ. रावत ने कहा कि नर्सिंग कॉलेज टिहरी में एमएससी पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सरकार के निर्देश पर विभागीय स्तर पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति ने एमएससी नर्सिंग कक्षाओं के संचालन की संस्तुति सरकार को दी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में नर्सिंग कॉलेज टिहरी में बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम 40 सीटों के साथ संचालित हो रहा है। अब एमएससी नर्सिंग की 10 सीटें जुड़ने से कॉलेज की शैक्षणिक क्षमता और भी सुदृढ़ होगी। राज्य सरकार नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता और संसाधनों के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने देगी।



