मसूरी में अवैध होटल निर्माण पर एमडीडीए का शिकंजा, 12 कमरे और बेसमेंट सील
लाइब्रेरी रोड पर होटल अतिथि में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत मिला निर्माण, एमडीडीए ने की कार्रवाई; उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले- नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती

मसूरी। मसूरी में अवैध व्यावसायिक निर्माण के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने लाइब्रेरी रोड क्षेत्र में नियमों के विपरीत किए गए होटल निर्माण पर शिकंजा कसते हुए अवैध बेसमेंट और 12 कमरों को सील कर दिया।
प्राधिकरण के अनुसार लाइब्रेरी रोड क्षेत्र में देवेन्द्र अग्रवाल द्वारा होटल अतिथि के नाम से किए गए निर्माण की जांच की गई थी। जांच के दौरान स्वीकृत मानचित्र और भवन निर्माण नियमों के विपरीत निर्माण पाए जाने पर एमडीडीए की टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से निर्मित बेसमेंट समेत होटल के 12 कमरों को सील कर दिया।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना अनुमति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किसी भी प्रकार के निर्माण को स्वीकार नहीं किया जाएगा। खासकर मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय पर्यटन क्षेत्र में अनियोजित निर्माण से यातायात, पार्किंग, जल निकासी और पर्यावरण से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में प्राधिकरण द्वारा निर्माण गतिविधियों की निगरानी लगातार की जा रही है।
निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना जरूरी
प्राधिकरण ने भवन स्वामियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि निर्माण शुरू करने से पहले सक्षम स्तर से मानचित्र स्वीकृत कराना सुनिश्चित करें। बिना अनुमति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किए जाने पर प्राधिकरण अधिनियम एवं संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में सुनियोजित विकास और भवन निर्माण नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। मसूरी जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण ऐसे निर्माणों की लगातार निगरानी कर रहा है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एमडीडीए का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर के सुनियोजित और सुरक्षित विकास को सुनिश्चित करना है।
अवैध निर्माण पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण को गंभीरता से लिया जा रहा है। मसूरी क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान नियम विरुद्ध निर्माण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भवन स्वामी बिना स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण से बचें। प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



