नागटिब्बा में पर्यटन सुविधाओं को मिलेगा विस्तार, एडीएम ने पैदल ट्रैक का लिया जायजा
ग्रामीणों ने 13 किमी सड़क के सुधारीकरण-डामरीकरण के साथ ट्रैक मरम्मत, संकेतक, कूड़ेदान और पेयजल सुविधा की उठाई मांग

नैनबाग/टिहरी, 7 सितंबर। धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध नागटिब्बा क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने की कवायद शुरू हो गई है। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सोमवार को नागटिब्बा मंदिर और पैदल ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ पैदल ट्रैक पर भ्रमण कर मौके की स्थिति देखी और स्थानीय लोगों से समस्याओं एवं आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने अपर जिलाधिकारी को बताया कि पंतवाड़ी-पवेद ग्रामीण मोटर मार्ग करीब 13 किलोमीटर लंबा है, लेकिन सड़क की स्थिति खराब होने के कारण ग्रामीणों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग रखी। इसके अलावा नागटिब्बा मंदिर तक करीब पांच किलोमीटर सड़क निर्माण, पैदल ट्रैक की मरम्मत, जगह-जगह संकेतक लगाने, कूड़ेदान स्थापित करने और पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि क्षेत्र के विकास और पर्यटकों की सुविधा से जुड़े प्रस्ताव संबंधित विभागों को भेजे जाएंगे। उन्होंने पंतवाड़ी-पवेद मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण को लेकर पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने कहा कि नागटिब्बा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पर सुविधाओं का विकास करते समय पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है। पैदल ट्रैक पर स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यटकों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग की भद्रीगाड़ रेंज की ओर से नागटिब्बा मार्ग पर गेट बनाया गया है, जहां आने वाले पर्यटकों का रिकॉर्ड दर्ज किया जाता है। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को पर्यटकों की सुविधा, स्वच्छता और ट्रैक की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
नागटिब्बा क्षेत्र भगवान नागराजा को समर्पित प्राचीन मंदिर के कारण श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। वहीं, घने जंगलों, हरियाली और शांत प्राकृतिक वातावरण से होकर गुजरने वाला नागटिब्बा ट्रैक ट्रैकिंग प्रेमियों और पर्यटकों को भी आकर्षित करता है। यहां से हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का मनोहारी दृश्य पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।



