थापला में गूंजे नाग देवता के जयकारे, भव्य मंदिर में हुई मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा
कृष्ण जन्माष्टमी पर ध्याणी मिलन समारोह में उमड़ा आस्था का सैलाब, ग्रामीणों ने डोली के साथ किया तांदी नृत्य

रिपोर्ट -मुकेश रावत
थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड के ग्राम थापला में कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नवनिर्मित नाग देवता मंदिर में मूर्ति स्थापना एवं भव्य ध्याणी मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, दायित्वधारी गीता रावत, मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल और भाजपा नेता राजेश नौटियाल ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर नवनिर्मित मंदिर में विधि-विधान के साथ नाग देवता की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कर स्थापना की गई। पूजा-अर्चना के बाद नाग देवता और ऋषिकेश देवता की डोली के गांव पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से डोली का स्वागत किया। डोली के साथ ग्रामीणों ने जमकर नृत्य किया, जबकि गांव की ध्याणियों ने अपने इष्ट देवता को भेंट अर्पित कर सामूहिक तांदी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।
क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नाग देवता मंदिर में मूर्ति स्थापना और ध्याणी मिलन समारोह का आयोजन क्षेत्र के लिए शुभ और सौभाग्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से गांव की परंपराएं जीवंत रहती हैं और आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि ग्रामीणों ने बेहद रमणीक स्थल पर नाग देवता का भव्य मंदिर तैयार किया है। यह मंदिर ग्रामीणों की आस्था, विश्वास और श्रद्धा का प्रतीक है।
वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष मानसिंह रौतेला ने मंदिर के सौंदर्यीकरण और टीन शेड निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष बचन सिंह रावत, ग्राम प्रधान संजय पडियार, डीसीबी अध्यक्ष सुभाष रमोला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा, पृथ्वी रावत, सुरेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनील सजवाण ने किया।



