राफ्टिंग सीजन से पहले मुस्तैद प्रशासन, पुट-इन और पुल-आउट प्वाइंट होंगे सुविधाओं से लैस
पर्यटकों की सुरक्षा पर डीएम नितिका खण्डेलवाल का फोकस, ऑनलाइन होगा राफ्टिंग का पर्ची सिस्टम; सड़क, पेयजल, शौचालय और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

टिहरी, 03 सितंबर 2026। आगामी राफ्टिंग सीजन को लेकर टिहरी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मुनिकीरेती स्थित जिलाधिकारी ट्रांजिट कैंप कार्यालय में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राफ्टिंग संचालन, पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधाओं और राफ्टिंग स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राफ्टिंग सीजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं। विशेष रूप से राफ्टिंग के पुट-इन और पुल-आउट प्वाइंट्स पर पर्यटकों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
क्षतिग्रस्त रास्तों की होगी मरम्मत
डीएम ने राफ्टिंग स्थलों तक पहुंचने वाले अप्रोच रोड, सड़कों और क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि राफ्टिंग के लिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
अब ऑनलाइन होगी राफ्टिंग व्यवस्था
बैठक में राफ्टिंग संचालन में तकनीक के इस्तेमाल को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने वर्तमान पर्ची सिस्टम को समाप्त कर ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से पर्यटकों को सुविधा मिलने के साथ ही राफ्टिंग संचालन की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता आएगी। इससे व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और तकनीक आधारित बनाने में भी मदद मिलेगी।
राफ्टिंग फर्मों के संचालन और नवीनीकरण पर भी चर्चा
बैठक में राफ्टिंग फर्मों के संचालन एवं नवीनीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। राफ्टिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों ने व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव रखे।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी राफ्टिंग सीजन में पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा, राफ्टिंग एसोसिएशन अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नेगी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं राफ्टिंग एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।



