टिहरी में अनुसूचित जाति के खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर, 30 खिलाड़ियों को मिलेगा एथलेटिक्स का प्रशिक्षण
15 अगस्त से 29 अगस्त तक खनाना में होगा जिला स्तरीय शिविर, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ भोजन, आवास और खेल किट की सुविधा

नई टिहरी। अनुसूचित जाति के बालक-बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए टिहरी गढ़वाल में विशेष पहल की गई है। खेल निदेशालय उत्तराखंड के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला क्रीड़ा विभाग नरेंद्रनगर की ओर से एथलेटिक्स का जिला स्तरीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
15 अगस्त से 29 अगस्त तक राजकीय इंटर कॉलेज खनाना, नरेंद्रनगर में आयोजित होने वाले शिविर में 30 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इनमें 15 बालक और 15 बालिकाएं शामिल होंगी। शिविर में खिलाड़ियों को खेल विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
खास बात यह है कि प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को भोजन, आवास, आने-जाने का किराया, खेल संबंधी अन्य आवश्यक खर्च और खेल किट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक परेशानी के बिना अपनी खेल क्षमता को निखारने का अवसर मिलेगा।
जिला क्रीड़ा विभाग के अनुसार विशेष प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 3 सितंबर से 17 सितंबर 2026 तक खेल विभाग की देखरेख में रहना होगा। इस दौरान खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने पात्र एवं इच्छुक बालक-बालिकाओं से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा निर्धारित अवधि में प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने की अपील की है।
अधिक जानकारी के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय अथवा व्यायाम शिक्षक पंकज गवाड़ी, राजकीय इंटर कॉलेज खनाना, नरेंद्रनगर से संपर्क किया जा सकता है। संपर्क नंबर 9410708689 है।



