थत्यूड़ बाजार के सार्वजनिक शौचालय में तोड़फोड़, सरकारी संपत्ति को पहुंचाया नुकसान
यूरिनल सीट और दरवाजे तोड़े, व्यापार मंडल ने अराजक तत्वों पर कार्रवाई और सीसीटीवी कैमरे लगाने की उठाई मांग

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ के मुख्य बाजार में स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय में अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। शरारती तत्वों ने शौचालय की यूरिनल सीट, नली और दरवाजों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सार्वजनिक सुविधा के इस केंद्र में लगातार हो रही तोड़फोड़ से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में नाराजगी है।
मुख्य बाजार में पर्यटन विभाग की ओर से वर्ष 2012-13 में करीब 25 लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक सुलभ शौचालय का निर्माण कराया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उचित देखरेख और निगरानी के अभाव में कुछ अराजक एवं नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग आए दिन यहां तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं की सुरक्षा के लिए शौचालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए, ताकि तीसरी आंख के जरिए असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
वहीं, सुलभ शौचालय के प्रभारी गुड्डू कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त यूरिनल सीट, नली और दरवाजों का निरीक्षण कर लिया गया है। इन्हें शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सार्वजनिक शौचालय की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, जिससे सरकारी धन से तैयार इस सुविधा का बेहतर उपयोग हो सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



