ढाणा स्वास्थ्य शिविर में उमड़ा ग्रामीणों का भरोसा, तीन दिन में 554 लोगों ने कराया पंजीकरण
सीएमओ डॉ. राम प्रकाश ने CHC का किया निरीक्षण, प्रसव सेवाओं में सुधार और विशेषज्ञ चिकित्सकों का बेहतर उपयोग करने के दिए निर्देश

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़। टिहरी गढ़वाल के जौनपुर क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ढाणा में प्रदेश सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुक्रवार को समापन हो गया। दूरदराज के ग्रामीणों के लिए आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। तीन दिनों में कुल 554 लोगों ने पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के अंतिम दिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी टिहरी डॉ. राम प्रकाश ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की स्थिति जानी। उन्होंने औषधि भंडार, प्रसव कक्ष, कोल्ड चेन रूम, आशा संसाधन कक्ष, स्वास्थ्य पर्यवेक्षिका कक्ष, आरबीएसके कक्ष, डीईओ कक्ष, टीकाकरण कक्ष और पैथोलॉजिकल कक्ष का बारीकी से जायजा लिया।
इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार, प्रसव सेवाओं पर और जोर जरूरी
सीएमओ डॉ. राम प्रकाश ने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में स्वास्थ्य केंद्र के इंफ्रास्ट्रक्चर और मानव संसाधन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। हालांकि, प्रसव सेवाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को अपने घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य ही ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं पहुंचाना है। इसके साथ ही नियमित स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार भी जरूरी है।
गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच को बेहतर बनाने पर जोर
सीएमओ ने चिकित्सकों, फार्मेसी अधिकारियों और नर्सिंग स्टाफ से संवाद कर मरीजों के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच और देखभाल की प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिम कारकों की समय रहते पहचान हो सके और महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए अधिक से अधिक लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
अंतिम दिन करीब 150 लोगों ने कराया पंजीकरण
सीएमओ ने बताया कि शिविर के तीसरे और अंतिम दिन करीब 150 लोगों का पंजीकरण हुआ। तीन दिवसीय शिविर में कुल 554 लोगों ने पंजीकरण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ उठाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस शिविर से जौनपुर क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीणों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध हुई हैं।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. मनीषा भारती, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक फूल दास भारती सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



