थत्युड़ के कफुल्टा गांव में दर्दनाक हादसा: चारा लेने गई महिला की पहाड़ी से गिरकर मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
व्यापार मंडल थत्युड़ के महामंत्री विक्रम सिंह चौहान की पत्नी गुड्डी देवी का जंगल में हादसा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर; बड़ी संख्या में लोगों ने दी श्रद्धांजलि।

थत्युड़। टिहरी जनपद के जौनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कफुल्टा में शनिवार को हुए एक हृदय विदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। व्यापार मंडल थत्युड़ के महामंत्री विक्रम सिंह चौहान की पत्नी गुड्डी देवी (लगभग 45 वर्ष) की पहाड़ी से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गुड्डी देवी गांव की अन्य महिलाओं के साथ पशुओं के लिए चारा और पत्तियां लेने जंगल गई थीं। कुछ समय बाद साथ गई महिलाओं ने उन्हें अपने बीच नहीं पाया। पहले उन्हें लगा कि वह शायद घर लौट गई होंगी, लेकिन जब सभी महिलाएं गांव पहुंचीं और उनके घर पर जानकारी ली गई तो पता चला कि वह घर भी नहीं पहुंची थीं।
इसके बाद महिलाओं ने ग्रामीणों को सूचना दी और दोबारा जंगल में उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गुड्डी देवी एक गहरी ढलान के नीचे गंभीर अवस्था में मिलीं। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद ग्रामीण उन्हें गांव लेकर आए।
घटना की खबर फैलते ही कफुल्टा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
गुड्डी देवी अपने पीछे पति विक्रम सिंह चौहान, दो पुत्रों और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनकी असमय मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में है।
ग्राम प्रधान प्रमिला देवी, व्यापार मंडल अध्यक अकबीर पंवार, हरिभजन सिंह पंवार, राम सिंह भंडारी, जयप्रकाश कोठारी सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।



