थत्यूड

हरेला पर परोगी से गूंजा हरियाली का संदेश, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया वृक्षारोपण; बोले— ‘एक पेड़ मां के नाम’ बने जनआंदोलन

टिहरी के जौनपुर क्षेत्र में हरेला पर्व पर पौधारोपण अभियान में शामिल हुए प्रभारी मंत्री, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प; उत्कृष्ट कार्मिकों को किया सम्मानित

थत्यूड़ / टिहरी। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला पर टिहरी जिले के जौनपुर क्षेत्र स्थित परोगी गांव से गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया गया। प्रदेश के कृषि एवं टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने “हर गांव का यही पैगाम, एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति के प्रति आस्था और पर्यावरण संरक्षण का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चला रही है, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए प्रत्येक नागरिक से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल भी मां की तरह करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक जरूरी उसका संरक्षण है।

कृषि मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती का सबसे प्रभावी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण है। वृक्ष जल संरक्षण, जैव विविधता, स्वच्छ वातावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से इस अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!