जौनपुर में नशा मुक्ति अभियान को मिली नई ताकत, 100 समाजसेवी सम्मानित
जौनपुर विकास मंच ने छह माह से चलाए अभियान में निभाने वालों को किया सम्मानित, शादी-ब्याह समेत सभी मांगलिक आयोजनों में शराब-मांस परोसने पर लगाया सामाजिक प्रतिबंध

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ स्थित ब्लॉक सभागार में जौनपुर विकास मंच की ओर से समाज सुधार एवं नशा मुक्ति अभियान में उल्लेखनीय सहयोग देने वाले क्षेत्र की पालीगाड़, दशज्यूला और छैज्जूला पट्टियों के 100 लोगों को प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता सबसे प्रभावी माध्यम है। जौनपुर विकास मंच ने बीते छह माह से क्षेत्र के प्रत्येक गांव में जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को नशा मुक्त शादी और सामाजिक आयोजनों के लिए प्रेरित किया। मंच के पदाधिकारियों ने गांव-गांव जाकर ग्राम प्रधानों की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित कीं तथा ग्रामीणों से विवाह, जन्मदिन समारोह, चूड़ाकर्म संस्कार सहित सभी मांगलिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में शराब और मांस परोसने से परहेज करने का संकल्प दिलाया।
मंच की इस पहल को क्षेत्र में व्यापक समर्थन मिला, जिसके परिणामस्वरूप अनेक गांवों में सामाजिक आयोजनों को नशामुक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। कार्यक्रम के दौरान कृषि, बागवानी, पशुपालन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जौनपुर विकास मंच के अध्यक्ष रत्नमणि भट्ट, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत, महामंत्री खेमराज भट्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंवर सिंह पवार, शिक्षाविद चेतन प्रसाद नौटियाल, गढ़वाली रामायण के रचयिता देवेंद्र प्रसाद चमोली, जयेंद्र बिजल्वाण, विनोद सेमवाल, निहाल सिंह रावत, सनबीर बेलवाल, अकबीर पंवार, पृथ्वी रावत, शांति प्रसाद गौड़, कुशाल सिंह चौहान, प्रताप सिंह पवार समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।



