नागटिब्बा धाम में गूंजे ‘नंद के घर आनंद भयो’, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भक्ति में सराबोर हुए श्रद्धालु
सब-हेडलाइन: पंचम दिवस की श्रीमद्भागवत कथा में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए जिला पंचायत सदस्य ने दिए पांच लाख रुपये

थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर विकासखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध देवस्थल नागटिब्बा धाम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की झांकियों और भजनों ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण बनाया कि श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नृत्य करने लगे।
कथा व्यास आचार्य मदन मोहन जी महाराज ने श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म, अत्याचार और अन्याय बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतार लेकर धर्म की स्थापना और मानवता की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार केवल धर्म की रक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि समस्त मानव जाति के कल्याण के लिए हुआ था।
कथा के दौरान ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ जैसे भजनों पर पूरा कथा पंडाल भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस बीच मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री का प्रस्तावित नागटिब्बा धाम दौरा नहीं हो सका। वहीं कार्यक्रम में पहुंचे जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह ने मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों के लिए अपनी निधि से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह पंवार, सचिव सुभाष रमोला, जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह, वीरेंद्र राणा, जयपाल कैरवाण, सरदार सिंह, हनुमंती, व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार, कुलदीप असवाल, सुमेरचंद पंवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



