धनोल्टी में आधी रात आए भीषण तूफान से तबाही, वन विभाग को लाखों का नुकसान
इको पार्क की एडवेंचर गतिविधियां ठप, होटलों और सरकारी भवनों को लाखों का नुकसान

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़। पर्यटन नगरी धनोल्टी में बृहस्पतिवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। रात करीब एक बजे अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ने से वन विभाग की संपत्तियों समेत कई भवनों को व्यापक नुकसान पहुंचा। तेज हवाओं के चलते 20 से 30 देवदार के पेड़ धराशायी हो गए, जबकि प्रसिद्ध इको पार्क में स्थापित एडवेंचर गतिविधियों के उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए।
तूफान की चपेट में आकर इको पार्क में लगी जिप लाइन, कमांडो नेट, साइक्लिंग ट्रैक सहित अन्य साहसिक गतिविधियों के संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा तहसील आवास, अस्पताल भवन तथा होटल रॉयल रेजिडेंसी और सत्कार होटल की छतों पर पेड़ गिरने से संपत्ति को नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि घटना के समय कोई जनहानि नहीं हुई।
वन रेंज अधिकारी जौनपुर लतिका उनियाल ने बताया कि देर रात आए तेज आंधी-तूफान के कारण देवदार के कई पेड़ गिर गए और वन विभाग के प्रसिद्ध इको पार्क की व्यवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का निरीक्षण किया है तथा क्षति का आंकलन कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इधर, धनोल्टी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों और व्यवसायियों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।



