Tehri Lake Festival में होटल–होमस्टे और वॉटर स्पोर्ट्स पर विशेष छूट
शासन-प्रशासन और जन सहभागिता का अनूठा संगम, 6 से 9 मार्च तक सजेगा हिमालयन O2 महोत्सव

टिहरी: जनपद में पर्यटन को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से 6 से 9 मार्च के बीच आयोजित होने जा रहा Himalayan O2 Tehri Lake Festival इस बार विशेष आकर्षणों के साथ सजेगा। शासन-प्रशासन और स्थानीय जन सहभागिता का यह साझा प्रयास जिले के सबसे बड़े आउटडोर फेस्टिवल को और भव्य बनाने जा रहा है।
जिला प्रशासन और Uttarakhand Tourism Development Board के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में देशभर से प्रतिभागियों के पहुंचने की उम्मीद है। खास बात यह है कि पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों को होटल और होमस्टे के किराए में 20 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी, जबकि वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों में 25 प्रतिशत तक रियायत मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय होटल संचालकों, होमस्टे स्वामियों और वॉटर स्पोर्ट्स संचालकों ने स्वयं आगे आकर यह पहल की है। प्रशासन की ओर से भी प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
स्थानीय संस्कृति और परंपरा का रंग
महोत्सव केवल एडवेंचर गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक खानपान की झलक भी प्रस्तुत करेगा। मास्टर शेफ प्रतियोगिता में स्थानीय व्यंजनों की महक बिखरेगी, वहीं फैशन शो में प्रतिभागी पारंपरिक परिधान और आभूषणों में नजर आएंगे।
6 मार्च को कोटी कॉलोनी में लोकप्रसिद्ध Pandavaas बैंड की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी। साथ ही वीर शौर्यगाथा पर आधारित Madhav Singh Bhandari के जीवन पर नाट्य मंचन भी दर्शकों को रोमांचित करेगा। विभिन्न तिथियों पर स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां महोत्सव की रौनक बढ़ाएंगी।
एडवेंचर गतिविधियों का रोमांच
जिलाधिकारी Nitika Khandelwal ने बताया कि टिहरी लेक फेस्टिवल जनपद का सबसे बड़ा आउटडोर आयोजन है। इसके तहत ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, राफ्टिंग सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों को शामिल किया गया है। उद्देश्य है कि पर्यटक जनपद की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं से सीधे परिचित हों।
दूरस्थ क्षेत्रों में ट्रैकिंग अभियानों के आयोजन से ग्रामीण पर्यटन को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का सहयोग इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
ऐसे करें पंजीकरण
इच्छुक प्रतिभागी www.himalayano2.com पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
हेल्पलाइन नंबर: 8679435767
(रिपोर्ट: टिहरी)



