मथामाली नामे तोक में भालू की दस्तक, ग्रामीणों में दहशत
भालू की दस्तक से सहमे ग्रामीण, वन विभाग ने संभाला मोर्चा

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर विकासखंड के जालसी क्षेत्र अंतर्गत मथामाली नामे तोक में सोमवार को भालू की आवाजाही देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जौनपुर रेंज का वन विभाग हरकत में आया और कर्मचारियों की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने संभाली मोर्चा
भालू की मौजूदगी की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र मानव–वन्यजीव संघर्ष की दृष्टि से संवेदनशील है, ऐसे में सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
भालू व गुलदार से बचाव को लेकर दी गई जरूरी जानकारियां
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को भालू और गुलदार जैसे वन्यजीवों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विभाग ने अपील की कि यदि कहीं भी भालू की गतिविधि नजर आए तो बिना देर किए वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
विद्यालयों और गांवों में चल रहा जनजागरूकता अभियान
वन विभाग ने बताया कि जनजागरूकता अभियान के तहत समय-समय पर विद्यालयों में गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गोष्ठियों के माध्यम से बच्चों और ग्रामीणों को जंगली जानवरों से सुरक्षित रहने के उपाय बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है और प्रत्येक गांव में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर सुझाव दिए जा रहे हैं।
रात में अकेले जंगल जाने से बचने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय अकेले जंगल की ओर न जाने, बच्चों पर विशेष नजर रखने और आवागमन के दौरान समूह में ही निकलने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मौके पर ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान मौके पर उप वन क्षेत्राधिकारी विजेंद्र कोकलियाल, वन बीट अधिकारी रामलाल लेखवार एवं वन बीट अधिकारी मंजीव मौजूद रहे और उन्होंने स्वयं ग्रामीणों से संवाद कर स्थिति की जानकारी ली।



