व्यापार मंडल थत्यूड़ की नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने ली शपथ
विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने व्यापारियों को दिलाई शपथ, बोले- देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करने में व्यापारियों की अहम भूमिका

रिपोर्ट — मुकेश रावत
थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक सभागार में रविवार को व्यापार मंडल थत्यूड़ की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, डीसीबी अध्यक्ष सुभाष रमोला, राज्य मंत्री के रूप में दायित्वधारी गीता रावत और ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार मौजूद रहे।
मुख्य अतिथियों ने व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनील भट्ट, महामंत्री राकेश सजवाण और कोषाध्यक्ष अभिषेक बडियारी समेत पूरी कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। इसके बाद व्यापार मंडल की प्रार्थना ‘वह शक्ति हमें देना दयानिधान’ का सामूहिक गायन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि व्यापारियों की समाज और देश के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। व्यापार जगत देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए व्यापारियों के हित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा, जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कंडारी, जिला महामंत्री कर्म सिंह तोपवाल, मायाराम थपलियाल, प्रदेश संगठन मंत्री अब्दुल अतीक, मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, महावीर सजवान, अकवीर पंवार, सूरज बिष्ट, पूनम, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख महिपाल सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन दीपक सजवाण ने किया।



