ब्रेजा कार से मिली शराब और बीयर की 10 पेटियां, टिहरी पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
चमियाला में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की कार्रवाई, 288 पव्वे अंग्रेजी शराब और बीयर के 96 कैन बरामद; तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त

टिहरी गढ़वाल। जनपद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ टिहरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्रेजा कार से अंग्रेजी शराब और बीयर की 10 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को जब्त कर लिया है।
पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में नशा मुक्ति अभियान और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 11 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी चमियाला की टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान वाहन संख्या UK14 K 2233 (ब्रेजा) की जांच करने पर उसमें से अवैध शराब और बीयर बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से जितेंद्र सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह रावत, निवासी ग्राम खवाड़ा, पट्टी बासर, तहसील बालगंगा, जनपद टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
10 पेटियों में मिली शराब और बीयर
पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब और बीयर में सोलमेट ब्लू की पांच पेटियां, जिनमें कुल 240 पव्वे थे, जबकि रॉयल स्टैग की एक पेटी से 48 पव्वे बरामद किए गए। इसके अलावा प्रीमियम स्ट्रांग बीयर TRUK 1100 के 500 मिलीलीटर वाले 96 कैन यानी चार पेटियां बरामद हुईं।
इस तरह पुलिस ने कुल छह पेटी अंग्रेजी शराब और चार पेटी बीयर बरामद की। अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार को भी जब्त कर लिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही कार्रवाई में भूमिका
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक संजीत कुमार, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश और कांस्टेबल सचिन शामिल रहे।
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।



