टिहरी में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 31 मामलों में ₹47.85 करोड़ की वसूली के लिए आरसी जारी
एडीएम बोले— अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

नई टिहरी। टिहरी गढ़वाल में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 मामलों में ₹47 करोड़ 85 लाख 30 हजार 88 रुपये की वसूली के लिए रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी कर दी है। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार सुनवाई, नोटिस और पक्ष रखने का अवसर देने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जारी आरसी में टिहरी तहसील के 12, घनसाली के 11, कीर्तिनगर के 3, धनोल्टी के 2 और नरेंद्रनगर के 2 अवैध खनन से जुड़े मामले शामिल हैं।
सबसे बड़ी कार्रवाई में इस्पान इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर लिमिटेड पर ₹15.88 करोड़, नवयुगा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड पर ₹14.02 करोड़, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय पर ₹9.90 करोड़ तथा गाबर कंस्ट्रक्शन कंपनी पर ₹4.72 करोड़ की वसूली के लिए आरसी जारी की गई है।
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।



