उत्तराखंड

टिहरी में दही, दूध, पनीर और मैदा के 6 नमूने फेल, खाद्य कारोबारियों पर अभियोजन की कार्रवाई

मुनि की रेती-तपोवन के होटल पर एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर ₹2 लाख का जुर्माना; त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच और कार्रवाई तेज करने की तैयारी की।

टिहरी गढ़वाल। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में दही, दूध, पनीर और मैदा के कुल छह नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने सभी छह मामलों में सक्षम न्यायालय में अभियोजन की कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं, मुनि की रेती-तपोवन क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित होटल में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने के मामले में न्यायालय ने होटल पर दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा के अनुसार, जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में छह नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।

इन खाद्य पदार्थों के नमूने जांच में फेल

जांच रिपोर्ट के अनुसार, मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए छह नमूनों में तीन दही, एक दूध, एक पनीर और एक मैदा का नमूना शामिल है। रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों को अपना पक्ष रखने और जांच रिपोर्ट को चुनौती देने का अवसर दिया गया।

विभाग के मुताबिक, दो खाद्य कारोबारियों की ओर से अपील में प्रस्तुत तथ्यों को संतोषजनक नहीं पाया गया और उनकी अपीलें खारिज कर दी गईं। इसके बाद सभी छह मामलों में सक्षम न्यायालय में अभियोजन की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर होटल पर दो लाख का जुर्माना

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के तहत मुनि की रेती-तपोवन क्षेत्र में स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में अवधि समाप्त हो चुकी खाद्य सामग्री मिलने का मामला भी सामने आया था। इस प्रकरण में विभाग ने सक्षम न्यायालय में वाद दायर किया था। सुनवाई के बाद न्यायालय ने संबंधित होटल पर दो लाख रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया।

त्योहारी सीजन में बढ़ेगी जांच, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से नमूने लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों के भंडारण, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की भी जांच की जा रही है।

आगामी त्योहारों को देखते हुए विभाग ने खाद्य पदार्थों की जांच और प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!