एनएच-58 पर खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 6 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी; सैंपलिंग, नोटिस और चालान की कार्रवाई
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चला विशेष अभियान, खाद्य मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई; दो कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर

हरिद्वार, 06 जून। जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे विशेष जांच अभियानों के तहत शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (एनएच-58) क्षेत्र में व्यापक छापेमारी की गई। ज्वालापुर से बहादराबाद टोल प्लाजा तक संचालित इस अभियान में खाद्य प्रतिष्ठानों की गहन जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी ने बताया कि जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कुल छह खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के उल्लंघन के मामले सामने आने पर दो खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
अभियान के दौरान एक प्रतिष्ठान में गंदगी और अस्वच्छता पाए जाने पर नोटिस जारी करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने तथा आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर एक चालान की कार्रवाई भी की गई, जबकि दो खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और खाद्य मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी ने कहा कि जनपद में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण और जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जो आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



