उत्तराखंड ताज़ा

महेंद्र भट्ट का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- मंदिर हमारे लिए आस्था, कांग्रेस के लिए सिर्फ राजनीति

वेणुगोपाल-राहुल के दौरों से कांग्रेस की किस्मत नहीं बदलेगी: भट्ट

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए मंदिर केवल राजनीतिक मुद्दा है, जबकि भाजपा के लिए यह आस्था, विश्वास और सनातन संस्कृति का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी वर्ष आते ही कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं के दौरे केवल झूठ, भ्रम और अफवाह फैलाने तक सीमित रह जाते हैं।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस की विश्वसनीयता उत्तराखंड की जनता के बीच लगभग समाप्त हो चुकी है। ऐसे में चाहे राहुल गांधी आएं, मल्लिकार्जुन खड़गे या के.सी. वेणुगोपाल, उनके दौरे कांग्रेस की चुनावी किस्मत नहीं बदल सकते।

उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सुशासन के क्षेत्र में उत्तराखंड ने नई पहचान बनाई है।

अयोध्या और बद्रीनाथ से जुड़े मामलों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच जारी है और यदि कोई अधिकारी भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपनी आंतरिक गुटबाजी से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव से पहले जनता के बीच जाकर वादे करती है, लेकिन सत्ता मिलने पर उन्हें भूल जाती है। यही कारण है कि जनता अब कांग्रेस के दावों पर विश्वास नहीं करती। भाजपा का दावा है कि विकास, सुशासन और जनकल्याण के दम पर वर्ष 2027 में धामी सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!