जौनपुर में डीएम का रात्रि प्रवास, जनता से संवाद कर सुनीं क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं
देवलसारी मंदिर में किए दर्शन, होमस्टे संचालकों से किया संवाद, ग्रामीणों की मांगों पर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

थत्यूड़/टिहरी गढ़वाल। जिला अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जौनपुर क्षेत्र के व्यापक भ्रमण के दौरान रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों की समस्याओं को नजदीक से समझा। उन्होंने विभिन्न गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान डीएम ने देवलसारी स्थित प्राचीन कोणेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने तेवा, बंगसील, ओन्तड़, बुडकोट, पुजाल्डी और मोलधार सहित कई गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र में संचालित होमस्टे योजनाओं की जानकारी लेते हुए लाभार्थियों से बातचीत की और पर्यटन के माध्यम से रोजगार बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने डीएम के समक्ष थत्यूड़-देवलसारी एवं थत्यूड़-किन्सू मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, नागटिब्बा-देवलसारी ट्रैक के सुधार, देवलसारी मंदिर पहुंच मार्ग निर्माण तथा ककूड़-सिर्वा मोटर मार्ग की मरम्मत जैसी प्रमुख मांगें रखीं। डीएम ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत खेड़ा स्थित खुशी स्वायत्त सहकारिता में स्थापित फूड बैंक का उद्घाटन भी किया। ग्राम पंचायत ठिक्क में ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने किन्सू, उडार्सू और दुगड्डा तोकों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति जानी। ग्रामीणों ने विद्यालय तक सड़क मार्ग निर्माण की मांग भी उठाई।
इसके अलावा डीएम ने धनोल्टी और कद्दूखाल में निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।



