मानसून से पहले एक्शन मोड में मंत्री गणेश जोशी, बीजापुर डैम मार्ग का निरीक्षण कर तत्काल सुरक्षात्मक कार्यों के दिए निर्देश
घट्टी गोला संपर्क मार्ग पर सुरक्षा दीवार, ब्रेस्ट वॉल और प्रोटेक्शन नेट लगाने के निर्देश, अधिकारियों से कहा— बरसात में लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

देहरादून। मानसून के बीच संभावित खतरे को देखते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ गढ़ी कैंट स्थित घट्टी गोला क्षेत्र के बीजापुर डैम के निकट मुख्य संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क और आसपास की भौगोलिक स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बरसात के दौरान क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसाती नदी की ओर मजबूत प्रोटेक्शन वॉल का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाए। वहीं वर्षा के कारण सड़क किनारे होने वाले मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए प्रोटेक्शन नेट अथवा ब्रेस्ट वॉल का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सभी सुरक्षात्मक कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग क्षेत्र की लगातार निगरानी रखें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्र, सिंचाई एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह रावत, जगदीश रेगमी, मंडल महामंत्री किरण, ग्राम प्रधान भारती जवाड़ी, केदार जोशी, नीटू सिंह, समुंदर सिंह, सपना मल्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



