टिहरी में ग्रामीण विकास योजनाओं की हुई हाई लेवल समीक्षा, भारत सरकार की संयुक्त सचिव ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
'विकसित भारत' का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने से होगा पूरा, चंबा दौरे में जनप्रतिनिधियों ने उठाए भुगतान और NMMS ऐप की समस्याएं

टिहरी गढ़वाल। भारत सरकार की संयुक्त सचिव तनुजा ठाकुर ने गुरुवार को टिहरी पहुंचकर ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। जिला सभागार में आयोजित बैठक में विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM G), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, डीडीओ मोहम्मद असलम सहित ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया।
संयुक्त सचिव तनुजा ठाकुर ने कहा कि ‘विकसित भारत’ का सपना तभी साकार होगा, जब हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, जनसहभागिता बढ़ाने, महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने, ग्रामीण आजीविका, कौशल विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद संयुक्त सचिव ने विकासखंड चंबा का दौरा कर ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान सामग्री मद के भुगतान में देरी, NMMS ऐप में नेटवर्क संबंधी दिक्कतों के कारण श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने में आने वाली परेशानी तथा ई-केवाईसी जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। संयुक्त सचिव ने सभी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक सुधार का आश्वासन दिया।



