टिहरी में सघन सत्यापन अभियान: 15 दिन में 400 से अधिक लोगों का वेरिफिकेशन, 250 से ज्यादा मकान मालिकों पर कार्रवाई
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर जिलेभर में अभियान तेज, किरायेदारों, बाहरी मजदूरों, घरेलू सहायकों और फेरी वालों का किया जा रहा सत्यापन; पुलिस ने नागरिकों से भी की सहयोग की अपील।

टिहरी गढ़वाल: जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से टिहरी पुलिस ने सत्यापन अभियान को और तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में किरायेदारों, बाहरी मजदूरों, घरेलू सहायकों, फेरी लगाने वालों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का घर-घर एवं कार्यस्थलों पर पहुंचकर सघन सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में 400 से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया है। वहीं सत्यापन नहीं कराने वाले 250 से अधिक मकान मालिकों एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम और प्रचलित नियमों के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में रहने या कार्य करने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति का समयबद्ध और अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था कायम रहे।
टिहरी पुलिस ने जनपदवासियों से भी सहयोग की अपील की है। यदि आपके यहां कोई किरायेदार, बाहरी मजदूर, घरेलू सहायक, फेरी लगाने वाला अथवा अन्य बाहरी व्यक्ति रह रहा है या कार्य कर रहा है, तो उसका सत्यापन अवश्य कराएं। आपकी छोटी-सी सतर्कता अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।



