सेवा संकल्प शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 13 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
थत्यूड़ में दो दिवसीय शिविर का शुभारंभ, विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल; लाभार्थियों को वितरित की गईं महालक्ष्मी, श्रम व पशुपालन किट

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़। विकसित भारत-2047 के संकल्प और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा’ की भावना के तहत रविवार को जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ स्थित ब्लॉक सभागार में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय शिविर का शुभारंभ हुआ। धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख सीता रावत, उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय सिंह नेगी और दर्जाधारी राज्यमंत्री गीता रावत ने संयुक्त रूप से शिविर का उद्घाटन किया।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। विधायक सहित जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
इस दौरान बाल विकास विभाग की ओर से छह लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। श्रम विभाग ने मुख्यमंत्री श्रम किट, जबकि पशुपालन विभाग ने किट और प्रमाण पत्र वितरित किए। उद्यान विभाग की ओर से 10 प्रगतिशील कृषकों को प्रमाण पत्र दिए गए। वहीं, सेवा संकल्प अभियान के तहत 21 प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: पंवार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्राथमिकता दी है। इसी भावना के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में एक माह का सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं बहुउद्देश्यीय शिविर, पोषण कार्यक्रम तथा विद्यालयों में चित्रकला, लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं समेत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बारिश के बावजूद शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार जताया।
विधायक ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। कृषि, उद्यान, पर्यटन और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में संचालित योजनाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए समन्वय से कार्य करने की अपील की। साथ ही आवास, पेंशन और समाज कल्याण से जुड़ी योजनाओं में पात्र लोगों को प्राथमिकता देने तथा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही सरकार: संजय सिंह नेगी
उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार गांव-गांव और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर वंचित, उपेक्षित और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश के सभी विकासखंडों में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से विभागीय अधिकारी और कर्मचारी जनता के बीच पहुंचकर समस्याएं सुन रहे हैं तथा यथासंभव उनका मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अपने क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
22 शिकायतें मिलीं, 13 का मौके पर निस्तारण
उप जिलाधिकारी धनोल्टी अंशुल भट्ट ने बताया कि शिविर में कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, खंड विकास अधिकारी जौनपुर अर्जुन सिंह रावत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा, मंडल अध्यक्ष सुनील थपलिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



