थत्यूड

रौतू की बेली और डिगोन में गूंजे जयकारे, नाग देवता की पालकी के पहुंचने पर धूमधाम से मना थौलू मेला

देव डोलियों का ग्रामीणों ने दूध, धूप, अक्षत, फल-फूल और पारंपरिक व्यंजनों से किया पूजन; ध्याणियों ने रांसो-तांदी नृत्य से बांधा समां

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम रौतू की बेली और डिगोन गांव में रविवार को नाग देवता की पालकी के पहुंचने पर थौलू मेले का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र देव आस्था और पारंपरिक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने देव डोलियों के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

रविवार दोपहर ग्राम रौतू की बेली में नाग देवता और ऋषिकेश देवता की डोली पहुंची। ग्रामीणों ने दूध, धूप, अक्षत, फल-फूल और पारंपरिक व्यंजनों से देव डोलियों की विधिवत पूजा-अर्चना कर अभिषेक किया। इसके बाद ग्रामीणों ने बारी-बारी से देव डोलियों को नचाया। देव डोली के साथ श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मेले के दौरान गांव की महिलाओं, बच्चों और पुरुषों के साथ ही गांव की ध्याणियों (विवाहित बेटियों) ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। ध्याणियों ने पारंपरिक रांसो और तांदी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति की झलक ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।

वहीं, ग्राम डिगोन में भी रविवार रात नाग देवता की डोली के पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने इष्ट देवता की पूजा-अर्चना की। ग्रामीणों ने देव डोली के दर्शन कर अपने परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति का आशीर्वाद मांगा।

थौलू मेले में ग्रामीणों की आस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की भी सुंदर झलक देखने को मिली। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंवर सिंह पवार, ग्राम प्रधान पूजा पवार, मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, भाजपा मंडल महामंत्री अकबीर पंवार, गौरव तिवारी, पृथ्वी रावत, पूर्व प्रधान बच्चन सिंह पवार, प्रेम सिंह पवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!