मानसून की आपदा में प्रभावित परिवारों का सहारा बना इंद्र सूर्य ट्रस्ट, 16 परिवारों को बांटी राहत सामग्री
डीएलएफ फाउंडेशन के सहयोग से रायपुर के हिमालयन ओएसिस में आयोजित हुआ राहत कार्यक्रम, जरूरतमंदों तक समय पर मदद पहुंचाने का संकल्प

देहरादून। मानसून के दौरान उत्तराखंड में लगातार सामने आ रही भूस्खलन, सड़क बाधित होने और मकान व संपत्तियों को नुकसान जैसी आपदाओं के बीच इंद्र सूर्य ट्रस्ट ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए मानवीय पहल की है। रविवार को रायपुर स्थित हिमालयन ओएसिस में इंद्र सूर्य ट्रस्ट की ओर से डीएलएफ फाउंडेशन के सहयोग से आपदा राहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आपदा से प्रभावित और जरूरतमंद 16 परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना और संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा होना रहा। ट्रस्ट की ओर से कहा गया कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में मानसून के दौरान भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं आम हैं। इनका सीधा असर लोगों के जनजीवन और आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। ऐसे में समय पर मिलने वाली राहत प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित होती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुराग सिंघल ने इंद्र सूर्य ट्रस्ट की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने की ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने भविष्य में भी ट्रस्ट के सामाजिक कार्यों में निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया।
वहीं कर्नल अनिल थापा (सेवानिवृत्त) ने कहा कि आपदा राहत का वास्तविक अर्थ संकट के समय प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ा होना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हर वर्ष मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं की चुनौती सामने आती है। ऐसे में सही समय पर मिलने वाली सहायता प्रभावित परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, सहयोगियों, स्वयंसेवकों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
इंद्र सूर्य ट्रस्ट और डीएलएफ फाउंडेशन की ओर से आपदा राहत के अलावा शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य सेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में भी सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित समुदायों तक पहुंच बनाकर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना और सामुदायिक सशक्तीकरण के माध्यम से स्थायी सामाजिक प्रभाव पैदा करना है।
कार्यक्रम में अनुराग सिंघल, चार्टर्ड अकाउंटेंट, एजुकेशनल काउंसलर एवं LEAP के संस्थापक तथा सोमवारी लाल नौटियाल, वरिष्ठ समाजसेवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं कर्नल अनिल थापा (सेवानिवृत्त), संस्थापक एवं अध्यक्ष, इंद्र सूर्य ट्रस्ट और मीनाक्षी थापा, उपाध्यक्ष ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इसके अलावा शिवदास, अध्यक्ष, डॉ. बीआर अंबेडकर जन जागृति समिति तथा सविता देवी, जिला पंचायत सदस्य, ख्यारसी वार्ड, जौनपुर, टिहरी गढ़वाल का भी कार्यक्रम को सहयोग मिला।



