फर्नीचर और कवर्ड मार्केट की अव्यवस्थाओं पर डीएम नाराज, दो दिन में सुधार के निर्देश
23 करोड़ की लागत से चल रहे कार्यों का जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया स्थलीय निरीक्षण, जल निकासी, वायरिंग और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा

नई टिहरी। बौराड़ी स्थित फर्नीचर मार्केट और कवर्ड मार्केट में निर्माण एवं सुधार कार्यों के बीच सामने आई अव्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने नाराजगी जताई। उन्होंने एडीबी के अंतर्गत करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सुधारात्मक एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन का क्रॉस वेरिफिकेशन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीलन और जलभराव पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश
फर्नीचर मार्केट के निरीक्षण के दौरान सीलन और जल निकासी की समस्या सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ज्वाइंट से पानी के रिसाव को तत्काल ठीक कराने, आवश्यक वाटरप्रूफिंग ट्रीटमेंट कराने तथा ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मार्केट में खुले और लटकते विद्युत तारों को व्यवस्थित कर बंचिंग कराने को कहा। विद्युत संबंधी सभी कार्य नगर पालिका और विद्युत विभाग के समन्वय से शीघ्र पूरा करने तथा मार्केट के बीच स्थित विद्युत पोल को भी आवश्यकतानुसार अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
नालियां चोक मिलने पर सफाई व्यवस्था सुधारने को कहा
पेड़ों की पत्तियों के कारण नालियां चोक होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के समन्वय से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छतों की सफाई के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मार्केट में जल निकासी, विद्युत वायरिंग, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कवर्ड मार्केट में गंदगी और लटकते तार देख जताई नाराजगी
कवर्ड मार्केट के निरीक्षण के दौरान खुले में लटकते तार, गंदगी और दुकानों के बाहर खाली स्थान पर कूड़ा-करकट मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुकानों के बाहर खाली स्थान को दो दिन के भीतर भरने और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीढ़ियों के समीप दुकानों के शटर के ऊपर बने स्लैब से संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उन्होंने उन्हें हटाने के भी निर्देश दिए।
डिजाइन की खामियों का होगा समाधान
जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में दिए गए निर्देशों की स्थिति का क्रॉस वेरिफिकेशन करने के लिए निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि डिजाइन में जो कमियां रह गई हैं, उनके समाधान के लिए एडीबी की डिजाइन टीम को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद फर्नीचर मार्केट और कवर्ड मार्केट की बेहतर व्यवस्थाएं क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध हो सकती हैं।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण, एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर अमित रुसिया, लोनिवि चंबा के अधिशासी अभियंता राजेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



