स्यानाचट्टी भूस्खलन पर डीएम प्रशांत आर्य सख्त, वैकल्पिक मार्ग और पुल निर्माण में तेजी के निर्देश
चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, यमुना पर निर्माणाधीन पुल एक सप्ताह में पूरा करने का अल्टीमेटम • नदी चैनलाइजेशन और मलबा हटाने के भी दिए निर्देश

उत्तरकाशी, 11 जुलाई। लगातार हो रही बारिश के बीच चारधाम यात्रा मार्ग पर बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य शनिवार को स्वयं स्यानाचट्टी के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र पहुंचे और मौके पर चल रहे राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर किया जाए और आवश्यक मशीनरी व संसाधनों की कोई कमी न रहने दी जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल का कार्य एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए राहत, बचाव और पुनर्बहाली के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। साथ ही वैकल्पिक पैदल मार्ग के संवेदनशील हिस्सों में पर्याप्त रस्सियां, सोलर लाइट और अन्य सुरक्षा इंतजाम तत्काल सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने यमुना नदी पर सिंचाई विभाग द्वारा किए जा रहे चैनलाइजेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नदी के प्रवाह को सामान्य बनाए रखने के लिए मशीनों की संख्या बढ़ाने, गढ़गाड़ क्षेत्र में जमा मलबे को तत्काल हटाने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यातायात बहाली सहित सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरे किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम बृजेश तिवारी, सीओ चंचल शर्मा, अधिशासी अभियंता सिंचाई पन्नी लाल, अधिशासी अभियंता एनएच मनोज रावत, डीडीएमओ शार्दूल गुस्साईं, एसडीओ लोनिवि ध्वजवीर तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



