उत्तराखंड ताज़ा

मुख्यमंत्री धामी बने उत्तराखंड के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्य सेवक, विभिन्न संगठनों ने दी बधाई

मुख्य सेवक सदन में शिष्टाचार भेंट का दौर, गुरुद्वारा सभा, महिला मोर्चा, किसान आयोग समेत कई संगठनों ने किया सम्मान; धामी बोले— यह सम्मान सवा करोड़ प्रदेशवासियों के विश्वास का प्रतीक

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के मुख्य सेवक के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने का नया रिकॉर्ड बनाया है। इस अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं जनप्रतिनिधि संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री से मिलने वालों में गुरुद्वारा सभा, भाजपा महिला मोर्चा, किसान आयोग, अखिल गढ़वाल सभा और प्रादेशिक विकास सेवा संगठन सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सुशासन, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके नेतृत्व पर विश्वास जताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता के विश्वास, स्नेह और सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और समावेशी विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पारदर्शिता, सुशासन, सेवा और जनकल्याण के मूल मंत्र के साथ सरकार प्रदेश को विकास के नए शिखर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता को राज्य के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया।

इस दौरान विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और प्रदेश के विकास तथा जनहित के कार्यों के सफल क्रियान्वयन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!