थत्यूड

थत्यूड़ विद्यालय की बेटियों ने बढ़ाया जौनपुर का मान, ईशा फाउंडेशन ने मेधावी छात्राओं व शिक्षकों को किया सम्मानित

परिषदीय परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छात्राओं को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए, विद्यालय की पूर्व व वर्तमान प्रधानाचार्या भी हुईं सम्मानित

थत्यूड़/देहरादून। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज थत्यूड़ की मेधावी छात्राओं और शिक्षकों को परिषदीय परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मंगलवार को सांस्कृतिक प्रेक्षागृह, देहरादून में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में ईशा फाउंडेशन के संस्थापक इन्द्रजीत नेगी एवं निदेशक भूपेंद्र नेगी ने प्रतिभाशाली छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन को सम्मानित किया।

समारोह में कक्षा 12 की छात्रा दिव्या, जिन्होंने ब्लॉक टॉपर का गौरव हासिल किया, को ₹10 हजार की धनराशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 10 की छात्रा अनुराधा भट्ट को ₹10 हजार तथा श्रद्धा गौड़ को ₹7,500 की धनराशि के साथ प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

ईशा फाउंडेशन द्वारा गोद लिए गए गढ़वाल मंडल के 11 विद्यालयों में शामिल राजकीय कन्या इंटर कॉलेज थत्यूड़ की शिक्षिकाओं अन्नपूर्णा सिंह एवं गीता दयाल को भी परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, उपहार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के समग्र शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ₹15 हजार की धनराशि, प्रमाण पत्र और शील्ड प्रदान कर विद्यालय की पूर्व प्रभारी प्रधानाचार्या उषा मेहरा तथा वर्तमान प्रभारी प्रधानाचार्या अनामिका को विशेष सम्मान से नवाजा गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। सम्मान समारोह के बाद विद्यालय परिवार एवं जौनपुर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों ने छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!