जौनपुर की बेटी ने बढ़ाया मान, स्वाती मल्ल नेगी को मिला ‘उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान
उत्तराखण्ड बोर्ड परीक्षा 2026 में गृहविज्ञान विषय का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने पर रामनगर में हुआ सम्मानित, देवप्रयाग विद्यालय का नाम किया रोशन

नई टिहरी। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षकों को 15 मई 2026 को परिषद मुख्यालय रामनगर, नैनीताल में सम्मानित किया गया। इसी क्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवप्रयाग में कार्यरत सहायक अध्यापिका (गृहविज्ञान) स्वाती मल्ल नेगी को “उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान” से नवाजा गया।
गृहविज्ञान विषय में उनके निर्देशन में विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसके लिए शिक्षा विभाग ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। प्रधानाचार्य अमिता राठी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्वाती मल्ल नेगी सदैव छात्राओं के हित में समर्पित भाव से कार्य करती रही हैं और उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि विद्यालय ने यह गौरव हासिल किया है।
मूल रूप से जनपद टिहरी गढ़वाल के जौनपुर ब्लॉक अंतर्गत बंगार गांव निवासी स्वाती मल्ल नेगी के पिता शैलेन्द्र सिंह मल्ल एवं माता विशीला मल्ल हैं। उनके पति अखिलेश नेगी जिला सहकारी बैंक नई टिहरी में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, क्षेत्रवासियों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।



