जनगणना कार्य में सुस्ती पर प्रशासन सख्त, छह प्रगणकों से मांगा जवाब
धनोल्टी तहसीलदार मो. शादाब की कार्रवाई, दो दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश भवन गणना कार्य में महज 50 फीसदी प्रगति पर जताई नाराजगी, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

थत्यूड़, 17 मई 2026 (टिहरी )। जनगणना के तहत संचालित भवन गणना (एचएलबी) कार्यों में लापरवाही और धीमी प्रगति को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। धनोल्टी के तहसीलदार मो. शादाब ने कार्य में लेटलतीफी बरतने वाले छह प्रगणकों का स्पष्टीकरण तलब किया है।
तहसीलदार ने बताया कि जनगणना जैसे राष्ट्रहित के महत्वपूर्ण कार्यक्रम को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी सुपरवाइजर और प्रगणकों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे। शासन स्तर से 17 मई तक भवन गणना से संबंधित सभी एचएलबी कार्य पूर्ण करने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन क्षेत्र में अब तक केवल करीब 50 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है।
कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर गोरण के प्रगणक यशवत सिंह, स्यालसी के अमित अरोड़ा, दाबली के महावीर सिंह, फिडोगी की हेमा पेटवाल, भैम की आशा असवाल तथा नौघर के प्रगणक खजान सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सभी संबंधित कर्मचारियों को दो दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलदार मो. शादाब ने स्पष्ट कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में उदासीनता बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



