जालसी में श्रीमद् भागवत व देवी भागवत कथा में गूंजा “नंद के घर आनंद भयो”, कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया
कथा के चौथे दिन भक्तिमय माहौल में झूमे श्रद्धालु, कथा व्यास आचार्यों ने धर्म, शक्ति और सामाजिक संतुलन का दिया संदेश

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड के जालसी बस्ती में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा एवं देवी भागवत महापुराण कथा के चौथे दिन का कार्यक्रम भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ बड़े धूमधाम से मनाया गया।
कथा व्यास आचार्य महावीर प्रसाद शास्त्री ने श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब धरती पर धर्म की हानि और पाप-अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतार लेकर धर्म की रक्षा और अधर्म का नाश करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रभु के अवतार से समस्त पृथ्वी पर सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है।
इस अवसर पर “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की”, “हाथी घोड़ा पालकी” जैसे भजनों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर होकर झूमते नजर आए।
वहीं, देवी भागवत महापुराण कथा के वक्ता आचार्य शुभम पुजारी ने अपने प्रवचन में कहा कि देवी उपासना से शक्ति की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि देवी भागवत समाज में स्त्री शक्ति के सम्मान, सामाजिक संतुलन और न्याय का संदेश देती है।
कार्यक्रम में कथा यजमान गुरबचन सिंह पंवार, हरिभजन सिंह पंवार, गोविंद सिंह, भरत सिंह, अतोल सिंह, महादेव सिंह पंवार, खेमराज पुजारी, जगत रावत, हरिओम रावत सहित क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।



