थत्यूड

थत्यूड़ : एनआरएलएम प्रशिक्षण में पोषण, स्वास्थ्य व स्वच्छता पर दिया गया जोर

मास्टर ट्रेनरों को समुदाय स्तर पर नेतृत्व की जिम्मेदारी, गर्भवती महिलाओं के लिए आयरन लड्डू व आंवला कैंडी परियोजना पर भी चर्चा

थत्यूड़। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई जौनपुर द्वारा शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में खाद्य, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता (FNHW) विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम खंड विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्मिकों व महिला प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक से दो सुपरवाइजर और दो IPRP का चयन कर उन्हें मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया गया है, जो अपने-अपने विकासखंडों में नेतृत्वकारी भूमिका निभाते हुए समुदाय स्तर पर जागरूकता और प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित करेंगी।

उन्होंने जानकारी दी कि विकासखंड में आयरन लड्डू एवं आंवला कैंडी वितरण परियोजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पोषण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

आंगनवाड़ी सुपरवाइजर सोनी रावत जुवाल ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य लक्ष्य कुपोषण में कमी लाना और महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने हेतु सक्षम टीम तैयार करना है। कार्यक्रम के दौरान किशोरियों में एनीमिया प्रबंधन, बच्चों में कुपोषण, स्वच्छता, गर्भवती व धात्री महिलाओं के पोषण, बाल पोषण के स्वर्णिम 1000 दिवस तथा आहार विविधता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन सहायक खंड विकास अधिकारी देवी प्रसाद चमोली ने किया। इस अवसर पर बीओपीआरडी चतर लाल शाह, ब्लॉक मिशन मैनेजर दीपक बहुगुणा, एरिया कॉर्डिनेटर प्रदीप नौटियाल, प्रभा पंवार, आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!