देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश संगठन और विधानमंडल दल के नेताद्वय ने पार्टी में किसी तरह के असंतोष से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई पार्टी नेता या विधायक नाराज चल रहा है तो उसे मना लिया जाएगा। वहीं प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा इसी हफ्ते होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पार्टी विधानमंडल दल की नेता इंदिरा डॉ इंदिरा हृदयेश ने कहा कि पार्टी में कोई भी नाराजगी नहीं है। दल के भीतर आपसी सामंजस्य बरकरार है। अलबत्ता उन्होंने सभी नेताओं से ये भी कहा कि किसी भी बात को पार्टी फोरम पर रखा जाना चाहिए। इससे पार्टी को मजबूती मिलती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि संगठन और विधानमंडल दल में किसी तरह की नाराजगी नहीं है।
पार्टी मजबूती से सरकार और सत्तापक्ष के खिलाफ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई कुछ नाराज है तो उसके साथ मिल बैठकर बात की जाएगी। पार्टी पूरी तरह एकजुट है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन जल्द होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के बाद वह नेता प्रतिपक्ष के साथ दिल्ली जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसी हफ्ते नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।