शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण की समीक्षा की
अगले शैक्षणिक सत्र के लिए एक माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के दिए निर्देश, स्कूलों में पाठ्य सामग्री समय पर उपलब्ध कराने पर जोर

देहरादून, 17 अक्टूबर 2025: प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास पर शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी जनपदों से निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण संबंधी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राजकीय विद्यालयों के छात्रों को पाठ्य पुस्तक, अभ्यास पुस्तिका, गणवेश, स्कूल बैग और अन्य पठन सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराती है। इसके तहत गणवेश और स्कूल बैग के लिए धनराशि सीधे छात्र-छात्राओं के खाते में भेजी जाती है, जबकि पाठ्य पुस्तकें और अभ्यास पुस्तिकाएं विभाग द्वारा सीधे स्कूलों में वितरित की जाती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों के कई स्कूलों तक पाठ्य पुस्तकें अभी नहीं पहुँची हैं। इसे देखते हुए शिक्षा महानिदेशक को सभी जनपदों से रिपोर्ट तलब कर एक सप्ताह के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए पाठ्य पुस्तकों की टेंडर प्रक्रिया तुरंत शुरू करने को कहा गया, ताकि सत्र शुरू होते ही सभी स्कूलों में सामग्री उपलब्ध हो।
मंत्री ने शैक्षणिक भ्रमण योजना के तहत छात्रों के चयन और भ्रमण पर भेजने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिये। इसके साथ ही उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूलों के पुनर्निर्माण की प्रगति रिपोर्ट तलब की और अधिकारियों से ऑनलाइन निगरानी कर निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
बैठक में आउटसोर्स के तहत भरे जाने वाले चतुर्थ श्रेणी पदों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश दिये गए।
बॉक्स: प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती पर विशेष ध्यान
- डॉ. रावत ने प्रदेशभर में लगभग 2100 रिक्त प्राथमिक शिक्षक पदों को भरने के लिए शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
- इनमें से 451 पदों पर उच्च न्यायालय की रोक है, जबकि बाकी पदों के लिए विभागीय अधिकारियों को विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए गए।
- दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों का सुगम जनपदों में समायोजन और नई भर्ती में चयनित शिक्षकों की प्रथम तैनाती दुर्गम क्षेत्रों में करने की प्रक्रिया भी शुरू करने को कहा गया।
बैठक में उपस्थित: विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह, अपर सचिव एम.एम. सेमवाल, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, अनु सचिव विकास श्रीवास्तव, वित्त अधिकारी विरेन्द्र कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी।



